गुरुग्राम : शहर में शुक्रवार व शनिवार को 2 दिन हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सबसे बुरा हाल इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एरिया का देखने को मिला, जहाँ सडक़ें जलमग्न हो गईं और पानी के भारी भराव के कारण एक गोदाम की दीवार गिर गई। जलभराव के चलते कई फैक्ट्रियों में पानी घुस गया, जिससे उद्यमियों को अपनी मशीनें बंद करने पर मजबूर होना पड़ा।
आईडीसी एसोसिएशन के प्रधान धर्मसागर और स्थानीय उद्यमियों सुनील दत्ता, विजय टंडन, देवेंद्र जैन, प्रवीण वर्मा व तरुण खन्ना ने प्रशासनिक लापरवाही पर गहरा रोष जताया। उद्यमियों ने कहा कि पिछली बार जब क्षेत्र में जलभराव हुआ था, तो नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर आश्वासन दिया था कि आगे से पानी नहीं जमा होगा। इसके बावजूद शनिवार को स्थिति जस की तस रही। उद्यमियों का आरोप है कि क्षेत्र की सीवर लाइनें पूरी तरह जाम हैं, ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त हो चुका है और सडक़ें जर्जर हाल में हैं।
बारिश का असर केवल औद्योगिक क्षेत्र तक ही सीमित नहीं रहा। शहर की प्रमुख सडक़ों और चौराहों जैसे एमजी रोड और महावीर चौक पर भी भारी जलभराव देखने को मिला। सडक़ों पर पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उद्यमियों और निवासियों ने मांग की है कि नगर निगम जल्द से जल्द ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करे ताकि भविष्य में नुकसान से बचा जा सके।
2 thoughts on “आईडीसी क्षेत्र में भरा बारिश का पानी, ठप पड़ा फैक्ट्रियों का कामकाज : धर्मसागर”