Home, गुरुग्राम, ताजा खबरें, राजनीति, हरियाणा

हरियाणा की सियासत का नया केंद्र बनेगा गुरुग्राम—कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियां तेज

संगठन की मजबूती का नया संकल्प — गुरुग्राम में जुटेगा हरियाणा कांग्रेस का नेतृत्व
हरियाणा के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक 17 सितंबर को गुरुग्राम में, तैयारियों में जुटे जिला अध्यक्ष वर्धन यादव
गुरुग्राम / लोकेश कुमार।
हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक विषयों, जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श के लिए प्रदेश के समस्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को गुरुग्राम में आयोजित की जा रही है। बैठक प्रातः 10:00 बजे ट्यूलिप क्लब हाउस, सेक्टर-70, बादशाहपुर, गुरुग्राम में आयोजित होगी।

बैठक में AICC हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्राव नरेंद्र सिंह तथा AICC सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल सहित हरियाणा के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्रदेश एवं जिला स्तर पर संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श एवं सभी जिला अध्यक्षों के कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर चल रही संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा प्रदेश नेतृत्व और जिला संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषय बैठक की चर्चा का हिस्सा रहेंगे। अलग-अलग जिलों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर से मिले फीडबैक पर भी चर्चा होने की संभावना है। प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ कांग्रेस नेतृत्व के गुरुग्राम आगमन को देखते हुए स्थानीय कांग्रेस संगठन द्वारा स्वागत एवं बैठक की तैयारियां की जा रही हैं। जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव स्वयं तैयारियों में जुटे हैं और पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय कर रहे हैं। गुरुग्राम पहुंचने वाले प्रदेश नेतृत्व एवं सभी जिला अध्यक्षों के स्वागत और अभिनंदन की तैयारियां भी की गई हैं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा, “हमारे लिए यह प्रसन्नता की बात है कि पूरे हरियाणा का जिला कांग्रेस नेतृत्व गुरुग्राम की धरती पर एक साथ एकत्रित हो रहा है। हम सभी जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेतृत्व का गुरुग्राम आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे। गुरुग्राम कांग्रेस का प्रत्येक साथी इस महत्वपूर्ण बैठक को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता के साथ तैयार है।”
वर्धन यादव ने कहा, “संगठन की वास्तविक ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता और मजबूत जिला एवं ब्लॉक इकाइयां होती हैं। प्रदेश नेतृत्व और सभी जिला अध्यक्षों का एक मंच पर बैठकर संगठनात्मक विषयों पर संवाद करना आपसी समन्वय को और बेहतर बनाने का अवसर है। गुरुग्राम में होने वाली यह बैठक संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा का मंच बनेगी।” उन्होंने कहा कि गुरुग्राम कांग्रेस की ओर से पार्टी नेतृत्व तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले जिला अध्यक्षों के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *