Home, गुरुग्राम, ताजा खबरें, हरियाणा

जिला स्तरीय पखवाड़ा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को हिंदी दिवस पर किया सम्मानित

गुरुग्राम / लोकेश कुमार। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के दिशा-निर्देशों के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में हिंदी दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्रिंसिपल सुमिता रांगी की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में हिंदी पखवाड़ा प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर एवं डाइट हिंदी प्राध्यापक डॉ. ओमबीर यादव ने बताया कि संस्थान में हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान हिंदी भाषा की ऐतिहासिक भूमिका का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार हिंदी ने पूरे राष्ट्र को एक संपर्क भाषा के रूप में सूत्र में पिरोकर स्वतंत्रता संग्राम को मजबूती दी थी। डाइट प्रभारी पृथ्वीराज ने मुख्य अतिथि सुमिता रांगी का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय विकास में मातृभाषा के महत्व और उसकी पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। प्राध्यापिका बिंदु दक्ष ने एक सुंदर कविता के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया। एससीईआरटी के भाषा विभाग से विशेष रूप से शामिल हुए देशराज ने कहा कि आज हिंदी केवल देश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विश्व में अपना विशिष्ट स्थान रखती है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए बताया कि हिंदी के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है। समारोह की अध्यक्षता कर रहीं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी ने सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वरिष्ठ प्राध्यापक तखत सिंह चौहान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ प्राध्यापक अरुण कुमार राघव, वरिष्ठ प्राध्यापिका सोना यादव सहित समस्त डाइट परिवार के स्टाफ सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *