Home, गुरुग्राम, ताजा खबरें, हरियाणा

सेक्टर-14 कन्या महाविद्यालय के गेट पर गंदगी और कीचड़ का अंबार, छात्राएं परेशान

गुरुग्राम / लोकेश कुमार। सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने सडक़ पर भारी मात्रा में फैला कीचड़ और जमा गंदा पानी छात्राओं के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। महाविद्यालय परिसर के आसपास साफ-सफाई का समुचित प्रबंध न होने के कारण स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। कॉलेज पहुंचने वाली छात्राओं को ई-रिक्शा, ऑटो या अन्य सवारी वाहनों से उतरते ही सीधे कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव और गंदगी के कारण छात्राओं के कपड़े और जूते रोजाना खराब हो रहे हैं।

सडक़ पर जलभराव के चलते फिसलन बढ़ गई है, जिससे छात्राओं के फिसलकर गिरने और चोटिल होने का गंभीर खतरा बना हुआ है। खड़े गंदे पानी और सड़ते कचरे से आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। शिकायतकर्ता प्रकाश यादव ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में प्रमुख योगदान देने वाले और वैश्विक पहचान रखने वाले औद्योगिक कॉरपोरेट शहर में यदि बेटियों के प्रमुख शिक्षण संस्थान के बाहर यह स्थिति है, तो यह बेहद चिंताजनक है। सरकार और प्रशासन को छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना चाहिए।

समस्या की ओर तुरंत ध्यान आकर्षित करने के लिए शिकायतकर्ता की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, नगर निगम, उपायुक्त आदि को पत्र भेजकर मांग की है कि कॉलेज के गेट के सामने से तुरंत कीचड़ और जमा पानी हटवाकर रास्ते को आवागमन योग्य बनाया जाए। जल निकासी (ड्रेनेज) की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा सडक़ का समतलीकरण व मरम्मत कार्य जल्द से जल्द पूरा हो। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके का निरीक्षण करें और लापरवाह कर्मचारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई करते हुए समस्या से निजात दिलाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *