Home, गुरुग्राम, ताजा खबरें, हरियाणा

अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं से पहले प्रशिक्षण पर प्राथमिक शिक्षकों में रोष

21 सितंबर से शुरू होंगी अद्र्धवार्षिक परीक्षाएं, संघ ने प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित करने की मांग की
गुरुग्राम / लोकेश कुमार।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा गुरुग्राम ने 21 सितंबर से शुरू होने वाली अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं से ठीक पहले प्राथमिक शिक्षकों के लिए प्रस्तावित छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। संघ का कहना है कि परीक्षा से कुछ दिन पहले शिक्षकों को प्रशिक्षण में भेजे जाने से विद्यालयों में शिक्षण कार्य एवं विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी प्रभावित होगी।

संघ के जिला प्रधान अशोक प्रजापति और महासचिव विवेक जैमिनी ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक पहले से ही जनगणना, चुनाव ड्यूटी, सर्वे सहित विभिन्न गैर-शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त हैं। ऐसे में अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं से ठीक पहले छह दिवसीय प्रशिक्षण करवाना विद्यार्थियों के हित में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को प्रशिक्षण के बजाय परीक्षा से पहले बच्चों की तैयारी और शैक्षणिक कार्य के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। जिले के मुख्य सलाहकार अशोक बल्हारा ने कहा कि विभाग को प्रशिक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी बनाते समय विद्यालयों में चल रहे शैक्षणिक कार्य और परीक्षाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि प्रस्तावित प्रशिक्षण को अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं के बाद आयोजित किया जाए, ताकि शिक्षक बिना किसी व्यवधान के विद्यार्थियों की तैयारी करवा सकें। संघ के वरिष्ठ उप प्रधान रामचंद्र यादव ने कहा कि जिले के कई प्राथमिक विद्यालय पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। उपलब्ध शिक्षकों को भी यदि लगातार गैर-शैक्षणिक कार्यों अथवा प्रशिक्षण में लगाया जाएगा तो इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय प्रत्येक शिक्षक की विद्यालय में उपस्थिति महत्वपूर्ण है।

संघ के संरक्षक दुष्यंत ठाकरान ने कहा कि विभाग का उद्देश्य बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त करना है, लेकिन इसके लिए शिक्षकों को पर्याप्त शिक्षण समय उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण आवश्यक है, लेकिन उसका समय ऐसा होना चाहिए जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने विभाग से प्रशिक्षण को परीक्षा के बाद कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *