गुरुग्राम / लोकेश कुमार। एससीईआरटी के दिशा -निर्देश अनुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सह प्रिंसिपल डायट सुमिता रांगी के कुशल नेतृत्व एवं ट्रेनिंग विंग इंचार्ज सोना यादव की देखरेख में चल रहे पांच दिवसीय पीजीटी गणित का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। डाइट ट्रेनिंग विंग सदस्य डॉ. ओमबीर यादव ने बताया कि पीजीटी गणित के प्रथम बैच के कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के अनुरूप 31 अगस्त से 5 सितंबर तक किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की तर्कशक्ति, सृजनात्मक शक्ति एवं कल्पना शक्ति पर विशेष बल दिया गया है। विद्यार्थियों की क्षमताओं एवं योग्यताओं को सकारात्मक दिशा में विकसित करने पर विशेष बल दिया गया है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच में गुरुग्राम खंड के शिक्षकों को ही शामिल किया गया था, जिसमें सभी प्रतिभागियों से प्रथम दिन प्री- टेस्ट एवं अंतिम दिन पोस्ट -टेस्ट लिया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम की इंपैक्ट स्टडी भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के अनुरूप गणित शिक्षण, 21वीं सदीं के कौशल, समावेशी शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उसके टूल का गणित शिक्षण में प्रयोग, पजल्स व नीडल्स का गणित में प्रयोग, विद्यालय आधारित मूल्यांकन एवं समग्र प्रगति पत्र, पोश एवं पोक्सो एक्ट, गणित में कंप्यूटेशनल थिंकिंग, इंट्रडिसीप्लिनरी अप्रोच इन मैथमेटिक्स, गणित किट का उपयोग, गणित में शिक्षण अधिगम सामग्री को बनाना, मैथमेटिकल मॉडलिंग, अनुभवजन्य गणित, सांख्यिकीय संप्रत्यय और प्रोबेबिलिटी के प्रयोग द्वारा डेटा विश्लेषण, 2 और 3डी ज्योमेट्री, बीजगणितीय एक्सप्रेशन और रियल लाइफ सिचुएशंस, संख्या थ्योरी में आगमन और निगमन तर्क आदि विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डाइट प्रभारी पृथ्वीराज, वरिष्ठ प्राध्यापक तखत चौहान, अरुण सिंह राघव, अनिल कुमार, उषा रानी, मनोज शर्मा, नेहा शर्मा, मोनिका यादव, मुकेश शर्मा एवं अन्य सभी स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा।