Home, गुरुग्राम, ताजा खबरें, हरियाणा

पंजाबी बिरादरी महासंगठन और केबिनेट मंत्री की पहल से कामधेनु गौशाला के बाहर फैली गंदगी का हुआ समाधान

गुरुग्राम / लोकेश कुमार। पालम विहार स्थित कारटरपुर की कामधेनु गौशाला के मुख्य द्वार पर लंबे समय से जमा गंदगी और कूड़े के ढेरों की गंभीर समस्या का आखिरकार त्वरित और स्थायी समाधान कर दिया गया है। प्रशासन, पुलिस और जन प्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों तथा हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह के त्वरित संज्ञान से गौशाला के बाहर सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर दी गई है।

हाल ही में पंजाबी बिरादरी महा संगठन के अध्यक्ष बोध राज सीकरी, प्रधान ओम प्रकाश कथूरिया, वरिष्ठ उप प्रधान प्रमोद सलूजा, महा मंत्री राम लाल गवर और गजेंद्र गोसाई सेवा भारती के एक कार्यक्रम में गौशाला पहुंचे थे। वहां संगठन ने सेवा भारती के 15 विद्यार्थियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया। इस दौरान गौ आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष पूरण यादव, महानगर संघचालक जगदीश ग्रोवर और डॉ. अशोक दिवाकर सहित 20 से अधिक गौभक्त मौजूद रहे। इसी दौरान पदाधिकारियों ने देखा कि मुख्य गेट पर कूड़े का इतना बड़ा ढेर लगा था कि गौशाला के भीतर हरा चारा और आवश्यक सामग्री पहुंचाना भी बंद हो गया था। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए बोध राज सीकरी ने मेयर राज रानी मल्होत्रा और समाजसेवी तिलक राज मल्होत्रा के साथ नगर निगम आयुक्त व पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर तुरंत कदम उठाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय विधायक और हरियाणा के उद्योग व पर्यावरण मंत्री राव नरवीर सिंह से संपर्क किया।

मंत्री महोदय ने हिसार में होते हुए भी मामले की गंभीरता को समझा और बृहस्पतिवार शाम को रूष्टत्र (नगर निगम) की विशेष टीम के साथ स्वयं गौशाला परिसर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। राव नरवीर सिंह के प्रभावी हस्तक्षेप, मेयर राज रानी मल्होत्रा के सहयोग और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से गौशाला के बाहर का दृश्य पूरी तरह बदल गया है। गौशाला प्रबंधन और पूरण यादव ने कहा कि यदि पंजाबी बिरादरी महा संगठन और मंत्री राव नरवीर सिंह समय पर यह कदम न उठाते तो स्थिति अत्यंत भयावह हो सकती थी। समस्त गौभक्तों ने इस त्वरित और जनहितैषी कार्रवाई के लिए सभी नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों का दिल से धन्यवाद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *