गुरुग्राम / लोकेश कुमार। एससीईआरटी के दिशा-निर्देशानुसार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में 5 दिवसीय पीजीटी गणित एवं टीजीटी सामाजिक विज्ञान प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सह प्रिंसिपल डाइट सुमिता रांगी के नेतृत्व और ट्रेनिंग विंग इंचार्ज सोना यादव की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है। डाइट ट्रेनिंग विंग के सदस्य डॉ. ओमबीर सिंह यादव ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागियों का प्री-टेस्ट लिया गया, जबकि अंतिम दिन पोस्ट-टेस्ट और इंपैक्ट स्टडी की जाएगी। ट्रेनिंग विंग इंचार्ज सोना यादव ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा-2023 पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। डाइट प्राध्यापिका उषा रानी ने बताया कि मैथमेटिकल मॉडलिंग के माध्यम से वास्तविक जीवन की परिस्थितियों में गणित का प्रयोग कर विषय को रुचिकर और आनंददायक बनाया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों में तर्कशक्ति और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होती है। डाइट प्राध्यापक मनोज कुमार शर्मा ने गणित विषय में सामान्य त्रुटियां विषय पर व्याख्यान देते हुए इन कमियों को दूर करने के व्यावहारिक समाधान बताए। सामाजिक विज्ञान सत्र में डाइट प्राध्यापक अनिल कुमार शर्मा ने विद्यालय आधारित मूल्यांकन एवं समग्र विकास पत्र पर प्रकाश डालते हुए एनईपी 2020 के आधार पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण मूल्यांकन व पाठ योजना का प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में डाइट के वरिष्ठ प्राध्यापक पृथ्वीराज, तखत सिंह चौहान, अरुण कुमार राघव, मोनिका यादव, मुकेश शर्मा सहित समस्त स्टाफ सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
डाइट गुरुग्राम में पीजीटी गणित एवं टीजीटी सामाजिक विज्ञान प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ : डा. ओमवीर यादव
07
Sep