गुरुग्राम : राजीव चौक से एक व्यक्ति को जबरन कार में बैठाकर मारपीट करने और एटीएम से रुपये निकलवाने के मामले में गुरुग्राम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाहरपुर रूपा पुलिस चौकी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीडि़त 1 सितंबर को पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा में शिकायत दर्ज कराई थी।
पीडि़त ने बताया कि 31 अगस्त को राजीव चौक के पास चार युवकों ने उसे जबरन एक स्विफ्ट कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर एटीएम का पिन पूछ लिया। आरोपियों ने उसके बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकलवा लिए और फिर उसे एक सुनसान जगह पर छोडक़र फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में पुलिस टीम ने एक आरोपी निखिल को हीरो होंडा चौक के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार चलाने के लिए किराए पर ली थी। आरोपी ने जल्दी रुपये कमाने के लालच में अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई और इसे अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है।
One thought on “लिफ्ट के बहाने कार में बैठाकर मारपीट व रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार”