गुरुग्राम : क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। मंदिरों और घरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और झांकियों का दौर चलता रहा। इस खास मौके पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।


समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने छनक और लक्ष्य की जोड़ी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। छनक ने जहाँ श्रीराधा रानी की सुंदर वेशभूषा धारण की थी, वहीं लक्ष्य भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप में नजर आए। माखन की मटकी, हाथ में बांसुरी, सिर पर मोरपंख और रेशमी वस्त्रों में सजे दोनों बच्चों की मनमोहक छवि ने हर किसी का दिल जीत लिया।
उपस्थित लोगों और परिजनों ने बच्चों के इस नटखट व सुंदर रूप की जमकर तारीफ की। सभी ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। मध्यरात्रि होते ही कान्हा के जन्मोत्सव के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और आरती की गूंज से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच माखन-मिश्री का प्रसाद बांटा गया। भक्ति, उमंग और नन्हे बच्चों की इस प्यारी प्रस्तुति ने इस जन्माष्टमी के पर्व को सभी के लिए यादगार बना दिया।