गुरुग्राम : विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल द्वारा संत रविदास जी की कलश वंदन यात्रा को लेकर ब्राह्मणवाद और जातिवाद के संदर्भ में की गई टिप्पणी पर गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कांग्रेस पर समाज में जातिवाद का जहर घोलने और लोगों को जाति के नाम पर बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पूरे समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
विधायक मुकेश शर्मा ने सदन में कहा कि 36 बिरादरी के सम्मान और सर्वसमाज को साथ लेकर चलना भाजपा की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग न केवल भाजपा बल्कि प्रदेश की जनता और सामाजिक समरसता का भी अपमान है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम से संत रविदास जी की कलश वंदन यात्रा की शुरुआत हुई थी और वे इस यात्रा के संयोजक रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में संत रविदास जी के पावन कलशों को हरियाणा के सभी जिलों, गांवों और कस्बों तक पहुंचाया गया, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को संत रविदास जी के विचारों और संदेश से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। ऐसे महान संत की यात्रा को लेकर सदन में जातिवाद और ब्राह्मणवाद के नाम पर अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
कांग्रेस जाति के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने की राजनीति कर रही है
मुकेश शर्मा ने कहा कि भाजपा 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने और सर्वसमाज के सम्मान में विश्वास रखती है। इसके विपरीत कांग्रेस जाति के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से जातिगत वैमनस्य फैलाने वाली राजनीति बंद करने और अपनी टिप्पणी के लिए पूरे समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।