शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के तहत अमर कॉलोनी से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां रविवार देर रात एक व्यक्ति द्वारा गाय के साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक दुष्कर्म करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और गोसेवकों में भारी रोष व्याप्त है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार देर रात की बताई जा रही घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 12:45 बजे की है। वीडियो में एक संदिग्ध व्यक्ति गली में बैठी गाय के साथ आपत्तिजनक हरकत करता हुआ दिखाई दे रहा है।
बजरंग दल की शिकायत पर मामला दर्ज
वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के प्रखंड संयोजक विक्की गांधी ने सोमवार को शिवाजी नगर थाने में लिखित शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर घटनास्थल (अमर कॉलोनी) के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक जांच कराएगी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, घटना की सत्यता और आरोपी की पहचान की पुष्टि के लिए वायरल वीडियो को फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।