Home, गुरुग्राम, ताजा खबरें, हरियाणा

सैक्टर 4 में समस्याओं के अंबार से भडक़े ऊर्वा पदाधिकारी, कम्युनिटी सेंटर परिसर में बैठक कर प्रशासन को घेरा

कम्युनिटी सेंटर में जमा हो रहा कचरा, योग करने वालों को परेशानी : धर्मसागर
गुरुग्राम / लोकेश कुमार।
सैक्टर 4 स्थित कम्युनिटी सेंटर परिसर में ऊर्वा के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सैक्टर की जर्जर व्यवस्था और प्रशासनिक अनदेखी को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया। बैठक में संरक्षक धर्मसागर, प्रधान मनोज भारद्वाज, महासचिव धीरज सेठी, उप प्रधान प्रमोद शर्मा, कोषाध्यक्ष रमन सिंघल तथा कार्यकारिणी सदस्य आरए सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक धर्मसागर ने बताया कि करीब 6 महीने पहले ऊर्वा के एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक, उपायुक्त और नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर सैक्टर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बावजूद अब तक धरातल पर कोई सुधार नहीं हुआ है। ऊर्वा पदाधिकारियों ने सैक्टर में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह ठप होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी कचरा उठाने वाले वाहनों को कम्युनिटी सेंटर के प्रांगण में ही खड़ा कर देते हैं, जिससे चारों तरफ बदबू फैलती है और गंदगी जमा होती है।

इस प्रांगण में सुबह के समय स्थानीय निवासी और बुजुर्ग योग व व्यायाम करने आते हैं। इसके अलावा, परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक कमरा भी आवंटित है जहाँ वे सामाजिक गतिविधियों की बैठकें करते हैं, लेकिन बदबू के कारण उनका बैठना दूभर हो गया है। बैठक में सैक्टर 4 स्थित हुडा मार्केट की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पदाधिकारियों ने बताया कि मार्केट के पास बने नाले में आसपास लगने वाली रेहड़ी-पटरी वाले बचा हुआ खाना और कचरा फेंक देते हैं। इससे नाला पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है और उसमें से उठती सड़ांध ने व्यापारियों व राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है। कम्युनिटी सेंटर में शादी-विवाह व अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए दिए जाने वाले बिजली कनेक्शनों पर भी चिंता जताई गई। जर्जर और लटकती बिजली की तारों के कारण परिसर में आए दिन बच्चों और बड़ों को करंट लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

ऊर्वा के प्रतिनिधियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे एसडीओ, एक्सईएन और संयुक्त आयुक्त तक को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन विभाग लटकती तारों को दुरुस्त नहीं कर रहा है। प्रशासन शायद दिल्ली जैसे किसी बड़े बिजली हादसे का इंतजार कर रहा है, क्योंकि हादसे के बाद ही सरकार की नींद खुलती है। ऊर्वा के सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में मांग की है कि प्रशासन समय रहते इन समस्याओं का स्थायी समाधान करे ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *