Home, गुरुग्राम, ताजा खबरें, हरियाणा

एसडीओ पंचायती राज पर भ्रष्टाचार व माहौल बिगाडऩे का आरोप

सरपंच एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर की तबादले की मांग
गुरुग्राम / लोकेश कुमार।
जिले के सोहना खंड के सरपंचों ने उपमंडल अभियंता (एसडीओ) पंचायती राज के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके तुरंत तबादले की मांग की है। सरपंच एसोसिएशन सोहना ब्लॉक के बैनर तले कई ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक मांग पत्र भेजकर एसडीओ के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंचों का आरोप है कि सोहना खंड में कार्यरत एसडीओ पंचायती राज विकास कार्यों में अपने चहेते ठेकेदारों और आदमियों को काम दिलाने के लिए दबाव बनाते हैं। यदि कोई ग्राम पंचायत उनके ठेकेदारों के माध्यम से कार्य नहीं कराती, तो वे विकास कार्यों के बिलों पर अनावश्यक आपत्तियां लगा देते हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त अधिकारी पूर्व में सोहना में कनिष्ठ अभियंता के पद पर भी कार्यरत रह चुके हैं और पदोन्नत होकर यहीं एसडीओ बने हैं। अधिकारी के रवैये से क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम तनाव जैसी स्थिति बन रही है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। मांग पत्र में महाप्रधान सरपंच रामपाल, उप प्रधान सरपंच रणबीर सिंह व पवन शर्मा सहित ग्राम पंचायत महेंद्रवाड़ा, घामडौज, खेडला, अभयपुर, जौलाका, हरचंदपुर, खरोदा, लोहसिंघानी, धौज, पैंतला, खेड़ली लाला एवं झाड़पूर आदि के सरपंचों व प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर शामिल हैं। सरपंचों ने मुख्यमंत्री से जनहित में उक्त अधिकारी का तुरंत प्रभाव से सोहना खंड से तबादला करने की पुरजोर मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *