गुरुग्राम / लोकेश कुमार। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज के गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की स्मृति में गुरुग्राम से गांव बूरा खेड़ी के सांगू धाम तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बाइकों व गाडिय़ों पर सवार लोगों ने भाग लिया। गुमनाम शहीदों के इतिहास को तलाशने में प्रयासरत श्रीभगवान फौगाट, कपूर सिंह दलाल आदि का कहना है कि यात्रा का शुभारंभ स्वतंत्रता सेनानी स्मारक परिसर में मुख्य अतिथि आजाद हिंद फौज के 102 वर्षीय वयोवृद्ध सेनानी लेफ्टिनेंट आर. माधवन ने तिरंगा फहराकर किया। राष्ट्रगान व वंदे मातरम का गायन किया गया तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह तिरंगा यात्रा गुरुग्राम से शुरू होकर बसई, धनकोट, फर्रूखनगर, याकूबपुर, झज्जर, चरखी दादरी होते हुए गांव बूरा खेड़ी के सांगू धाम पहुंची। सांगू धाम पहुंचने पर पूर्व सैनिकों और हजारों ग्रामीणों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। फोगाट का कहना है कि वे पिछले 13 वर्षों से नेशनल आर्काइव्स नई दिल्ली से आजाद हिंद फौज के गुमनाम शहीदों के नाम ढूंढकर उन्हें गांव-गांव तक पहुंचाने और गौरव पट्टों पर अंकित कराने का प्रयास कर रहे हैं। सांगवान खाप के प्रधान सोमबीर सांगवान और गुमनाम सेनानियों के नाम का स्तंभ बनवाने वाले रामेश्वर पटेल सांगवान को सम्मानित किया गया। साथ ही, स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों का सम्मान कर नागरिकों को तिरंगे भेंट किए गए। इस यात्रा में समिति के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल, सूबेदार विजेंद्र सिंह ठाकरान, हरपाल सिंह जटराणा, बलजीत सरपंच, धर्मपाल सहरावत, कमांडेंट संजीब सैन गुप्ता, शहीद सुखदेव के पौत्र, सूबेदार सोमबीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
आजाद हिंद फौज के गुमनाम शहीदों की याद में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा
07
Sep