Home, गुरुग्राम, हरियाणा

पत्नी के टॉर्चर से तंग आकर पति ने खाया जहर, हुई मौत; परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

नूंह: पिनगवां कस्बे में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी की मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर विषैला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बिजेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पिनगवां थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र की शादी लगभग दो साल पहले फरीदाबाद की रहने वाली ज्योति से हुई थी। शादी के बाद दोनों पिनगवां में ही रह रहे थे और करीब पांच महीने पहले उनके घर एक बच्चे का जन्म हुआ था।

5 महीने के बच्चे को छोड़कर मायके गई थी पत्नी

मृतक के परिजनों ने बताया कि करीब दो महीने पहले ज्योति का पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह अपने महज 5 महीने के मासूम बच्चे को बिजेंद्र के पास छोड़कर फरीदाबाद स्थित अपने मायके चली गई। आरोप है कि मायके जाने के बाद से ही ज्योति लगातार फोन पर बिजेंद्र को तरह-तरह की धमकियां दे रही थी और कोर्ट नोटिस भिजवाकर उसे टॉर्चर कर रही थी।

मानसिक तनाव में उठाया खौफनाक कदम

एक तरफ बिजेंद्र अकेले अपने 5 महीने के बच्चे की देखभाल करने में जुटा था, वहीं दूसरी ओर पत्नी की लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से वह बेहद परेशान चल रहा था। बीती रात पत्नी के टॉर्चर से तंग आकर बिजेंद्र ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पिनगवां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *