गुरुग्राम : डिजिटल अरेस्ट के जरिए 78 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को साइबर अपराध पुलिस स्टेशन (दक्षिण) की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को महाराष्ट्र से काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीडि़त ने 28 नवंबर 2025 को साइबर अपराध थाना दक्षिण में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़त ने बताया कि 21 नवंबर से 28 नवंबर 2025 के दौरान अज्ञात ठगों ने खुद को सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया। ठगों ने पीडि़त के पहचान पत्र और दस्तावेजों का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग में होने का फर्जी डर दिखाया।
डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर और जांच का दबाव बनाकर आरोपियों ने पीडि़त से कुल 78 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच करते हुए साइबर पुलिस स्टेशन (दक्षिण) की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 सितंबर को एक आरोपी सुल्तान सलीम शेखको गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पीडि़त से ठगी गई 78 लाख रुपये की राशि में से करीब 45 लाख रुपये आरोपी सुल्तान सलीम शेख के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी ने कबूला कि उसने 50,000 रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के इस बैंक खाते के खिलाफ देशभर में साइबर ठगी की 8 अलग-अलग शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगनाओं तक पहुँचा जा सके।