Home, ताजा खबरें

घरेलू कलह में बिजली विभाग के अवर अभियंता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

घुइसरनाथ धाम/उदयपुर (प्रतापगढ़):

उदयपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय पावर हाउस में तैनात बिजली विभाग के अवर अभियंता (JE) अभिषेक कुमार यादव ने मंगलवार दोपहर किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे पारिवारिक कलह और पत्नी से हुए विवाद को कारण माना जा रहा है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

किराए के मकान में अकेले रह रहे थे JE

जौनपुर जिले के मीरगंज (थाना बक्सा) निवासी राजन प्रसाद यादव के 38 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार यादव दो माह पूर्व ही उदयपुर पावर हाउस में अवर अभियंता के पद पर स्थानांतरित होकर आए थे। वे मंगापुर बाजार में किराए का कमरा लेकर रहते थे। उनके परिवार में पत्नी सुमन यादव, एक 14 वर्षीय बेटा और 10 व 8 वर्ष की दो बेटियां हैं। रक्षाबंधन पर्व पर पत्नी और बच्चे गांव चले गए थे, जिसके बाद से अभिषेक कमरे पर अकेले ही रह रहे थे।

फोन पर पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि अभिषेक का किसी बात को लेकर मोबाइल पर पत्नी से तीखा विवाद हुआ था, जिसके बाद से वे काफी परेशान चल रहे थे। मंगलवार दोपहर लगभग 2 बजे उन्होंने कमरे के आंगन की जाली में रस्सी बांधकर और नीचे कुर्सी रखकर गले में फंदा लगा लिया।

फोन न उठने पर हुआ खुलासा

दोपहर में जब विभागीय कर्मचारियों ने किसी काम के सिलसिले में जेई अभिषेक को बार-बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका होने पर कर्मचारी जब मंगापुर स्थित उनके कमरे पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। अभिषेक का शव फंदे से झूल रहा था। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिजली कर्मचारियों के सहयोग से शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *