
गुरुग्राम / लोकेश कुमार। गुरुग्राम के प्रतिष्ठित मेदांता हॉस्पिटल द्वारा पंजाबी बिरादरी महा संगठन के समाज सेवा कार्यों को देखते हुए उनके सदस्यों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गोल्फ कोर्स रोड स्थित मेदांता मेडिक्लिनिक में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के लगभग 40 सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर और बीपी (रक्तचाप) जैसी जांचें शामिल थीं। इसके बाद मेदांता के प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ और कार्डियोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. प्रवीण चंद्रा ने सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने 45 मिनट के ज्ञानवर्धक सत्र में हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और सामान्य बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब भी दिए।
समाज सेवा में समर्पित पंजाबी बिरादरी महा संगठन
कार्यक्रम में संगठन के चेयरमैन बोध राज सीकरी ने महा संगठन द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्यों का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि संगठन 4 डिस्पेंसरी का संचालन कर रहा है, जहाँ रोजाना 90 से 100 मरीजों को एलोपैथी, होम्योपैथी और फिजियोथेरेपी परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाइयाँ दी जाती हैं। बिना किसी भेदभाव के 2 एम्बुलेंस और जरूरतमंद परिवारों के लिए शव वाहन की मुफ्त सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संगठन समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य, नेत्र जांच और रक्तदान शिविरों का आयोजन करता रहता है। बोध राज सीकरी ने मेदांता प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए घोषणा की कि जनवरी में होने वाली संगठन की वार्षिक बैठक में डॉ. प्रवीण चंद्रा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। जिसमें 500 से अधिक सदस्य शामिल होंगे। इस अवसर पर संगठन के प्रधान ओम प्रकाश कथूरिया, वरिष्ठ उप-प्रधान प्रमोद सलूजा, महामंत्री राम लाल ग्रोवर, गजेंद्र गोसाईं, डॉ. अलका शर्मा, योगाचार्य राजपाल आहूजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा आयोजित जलपान के साथ हुआ।