गुरुग्राम: सेक्टर-45 स्थित झुग्गी क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद की रंजिश में 35 वर्षीय व्यक्ति की लाठी-डंडों और हथियारों से पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की इस वारदात में शामिल सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मृतक की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक 30 अगस्त को आरोपी पक्ष के राहुल और आकाश ने उनके बच्चों के साथ गाली-गलौज की थी। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच बहस और हाथापाई हो गई, जिसमें आकाश और सुनील को मामूली चोटें आई थीं।
झुग्गी से खींचकर लाठी-डंडों से किया हमला
इसी बात की रंजिश रखते हुए अगले दिन 31 अगस्त को आरोपी राहुल अपने अन्य साथियों के साथ लाठी, डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंचा। आरोपियों ने पीड़िता के पति बाबूलाल को झुग्गी से खींचकर बाहर निकाला और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल बाबूलाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सभी 10 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। मृतक की पत्नी की शिकायत पर सेक्टर-40 थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 सितंबर को सभी 10 आरोपियों (नारायण, प्रमोद, रणेश, राहुल, अनिल, बिजू, बालकिशन, राजाराम, रफीकुल आलम और रकीबुल) को गिरफ्तार कर लिया।