Home, ताजा खबरें

सड़क हादसे में किशोर की मौत, बुझा घर का इकलौता चिराग

लालगंज (प्रतापगढ़): राष्ट्रीय राजमार्ग (प्रतापगढ़-रायबरेली) पर लीलापुर थाना क्षेत्र के तिना दुबान गांव के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मवेशी की टक्कर से अनियंत्रित होकर टेंपो पलटने के कारण यह हादसा हुआ। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

मवेशी सामने आने से अनियंत्रित हुआ टेंपो लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सांगीपुर वार्ड निवासी देव कुमार द्विवेदी (17) पुत्र स्वर्गीय उमेश द्विवेदी सोमवार को किसी काम से प्रतापगढ़ गया था। देर रात वह सवारी टेंपो में सवार होकर लालगंज लौट रहा था। तिना दुबान के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में देव कुमार टेंपो के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम सूचना मिलते ही सगरा सुंदरपुर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को लालगंज ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्रयागराज मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया।

पिता को कोरोना में खोया था, अब इकलौते बेटे का भी सहारा छूटा मृतक देव कुमार के पिता की कोरोना महामारी के दौरान पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। देव कुमार लालगंज में कैटरिंग का काम करके अपनी मां और छोटी बहन का भरण-पोषण करता था। उसके निधन से परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया है। मंगलवार सुबह लीलापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

पुलिस का बयान लीलापुर एसओ वारिज कसेरा ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *