ताजा खबरें

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बकरी व बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 शातिर चोर गिरफ्तार

बाराबंकी: कोतवाली बदोसराय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मोटरसाइकिल और बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, एक चुराई गई बकरी, 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार त्रिपाठी की टीम 30 अगस्त को अद्रा पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोटवाधाम की तरफ से एक ही अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक एक बकरी ले जाते दिखे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पकड़े गए बदमाशों की पहचान अकील अंसारी (निवासी सआदतगंज, मसौली) तथा शिवपूजन व अजीज अंसारी (निवासीगण अशोकपुर डीहा, थाना कटरा, गोंडा) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर अकील अंसारी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।

अस्पताल से चुराई थी बाइक, लगाया फर्जी नंबर

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद अपाचे बाइक उन्होंने जून महीने में टिकैतनगर स्थित सरकारी अस्पताल से चुराई थी। बाइक का असली नंबर UP 41 BB 9172 हटाकर उस पर फर्जी नंबर प्लेट UP 41 AV 5448 लगाई गई थी। ई-चालान एप से जांच करने पर पता चला कि बाइक के असली मालिक दरियाबाद निवासी नसरुद्दीन हैं।

इचौली से चुराई थी बकरी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कस्बा इचौली से बकरी चोरी कर उसे बेचने जा रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *