फिरोजपुर झिरका: थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव अगोंन में मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव के अड्डे के पास खेल रही एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार प्राइवेट स्कूल बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसका फायदा उठाकर चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सारिका इंटरनेशनल स्कूल की बस से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अगोंन निवासी महिपाल सैनी की 8 वर्षीय बेटी मनीषा मंगलवार शाम गांव के अड्डे के समीप खेल रही थी। इसी दौरान वह गांव के ही ‘सारिका इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल’ की बस की चपेट में आ गई।
अस्पताल भिजवाया गया शव
हादसे की तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर बस को अपने कब्जे में ले लिया और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मंडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल भिजवाया।
फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज
सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम चालक की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।